भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की जन्मशती समारोह का भव्य समापन 29 नवंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगा। इस राष्ट्रीय आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में असम सहित देश के विभिन्न हिस्सों से एक हजार से अधिक कलाकार और विद्यार्थी महान गायक एवं संगीतकार के कालजयी गीतों की प्रस्तुति देंगे। इस संगीतमय आयोजन के जरिए देश भूपेन हजारिका की सांस्कृतिक विरासत को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेगा।
समारोह को यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए राजधानी दिल्ली में प्रचार अभियान भी शुरू किया गया है। इसके तहत इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए), दिल्ली मेट्रो, यूनिपोल और राजधानी के अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर प्रचार सामग्री लगाई जा रही है। इसके माध्यम से लोगों को समारोह से जुड़ने और भूपेन हजारिका की सांस्कृतिक विरासत को जानने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
समारोह में भूपेन हजारिका के लोकप्रिय और कालजयी गीतों के माध्यम से उनके संगीत सफर, विचारों और मानवीय संवेदनाओं को मंच पर जीवंत किया जाएगा। वे केवल महान गायक और संगीतकार ही नहीं थे, बल्कि उनके गीतों में समाज का दर्द, इंसानियत की आवाज और एकता का संदेश भी झलकता था। उन्होंने संगीत को केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं माना, बल्कि इसके जरिए सामाजिक बदलाव और मानवीय मूल्यों को भी आवाज दी। असम की मिट्टी से निकली उनकी आवाज ने देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में अपनी अलग पहचान बनाई।
29 नवंबर का यह आयोजन उनकी इसी महान विरासत को याद करने और आने वाली पीढ़ियों तक उनके संगीत और विचारों को पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
