बिहार के नवादा जिले के 13 वर्षीय एक बच्चे का दिल में जन्मजात छेद कोलकाता के एक निजी अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी से बंद किया गया। कोलकाता के मुकुंदापुर स्थित नारायणा आरएन टैगोर अस्पताल के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अस्पताल के अनुसार, बच्चे को एट्रियल सेप्टल डिफेक्ट (एएसडी) था, जिसमें दिल के ऊपरी दो कक्षों को अलग करने वाली दीवार में छेद हो जाता है।

डॉक्टरों के मुताबिक, छेद काफी बड़ा था, इसलिए कैथेटर आधारित डिवाइस से उसे बंद करना संभव नहीं था और सर्जरी करनी जरूरी हो गई थी। अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि परिवार को ठीक होने में लगने वाले समय और बच्चे की पढ़ाई पर पड़ने वाले असर की चिंता थी, इसलिए उन्होंने इलाज के कई विकल्पों पर विचार करने के बाद रोबोटिक सर्जरी का फैसला किया।

यह सर्जरी कार्डियक और रोबोटिक सर्जरी के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. ललित कपूर के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने की। डॉ. कपूर ने बताया कि शरीर पर बड़े चीरों के बजाय छोटे चीरे लगाए गए, जिससे सर्जरी के बाद की परेशानी कम हुई और मरीज तेजी से ठीक हुआ। पारंपरिक सर्जरी को वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर तैयार रखा गया था।

छेद को बंद करने के लिए कृत्रिम पैच के बजाय बच्चे के ही पेरीकार्डियम के ऊतक का इस्तेमाल किया गया। पेरीकार्डियम हृदय को चारों ओर से ढकने वाली दोहरी परत वाली थैली होती है। नारायणा हेल्थ ग्रुप के सीओओ आर. वेंकटेश ने कहा कि यह प्रक्रिया उन्नत हृदय चिकित्सा और मरीज-केंद्रित इलाज के प्रति अस्पताल की प्रतिबद्धता दर्शाती है। नारायणा हेल्थ ईस्ट में कोलकाता और कॉरपोरेट ग्रोथ इनिशिएटिव के निदेशक एवं क्लस्टर प्रमुख अभिजीत सीपी ने कहा कि रोबोटिक एएसडी सर्जरी में मरीज के अपने ऊतक का इस्तेमाल मिनिमली इनवेसिव कार्डियक सर्जरी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण विकास है।