बिहार में लागू नए बिल्डिंग बायलॉज 2026 के तहत कुछ श्रेणी के भवनों के निर्माण में स्व-प्रमाणन (सेल्फ अप्रूवल) की सुविधा दी गई है। नगर विकास विभाग की जानकारी के अनुसार इस सुविधा से भवन निर्माण की अनुमति लेने की प्रक्रिया आसान होगी और ऐसे भवनों को फायर एनओसी लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि भवन मालिक अग्नि सुरक्षा के नियमों से मुक्त हो जाएंगे। उन्हें भवन में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम करने होंगे। नियमों की अनदेखी करने पर भवन सील भी किया जा सकेगा।

नए प्रविधानों के अनुसार सेल्फ अप्रूवल के दायरे में आने वाले भवनों की योजना तैयार करने वाले पैनलबद्ध टेक्नीशियन की जिम्मेदारी होगी कि वे अग्नि सुरक्षा के जरूरी उपाय सुनिश्चित करें। इसमें अग्निशामक यंत्र, आग लगने की स्थिति में बाहर निकलने के सुरक्षित रास्ते, अग्नि अलार्म, स्प्रिंकलर सिस्टम, होज और आग बुझाने के लिए पर्याप्त पानी का भंडारण शामिल है। यानी फायर एनओसी से छूट मिलने के बावजूद भवन में आग से बचाव की व्यवस्था अनिवार्य रहेगी।

सेल्फ अप्रूवल के तहत भवन योजना की मंजूरी मिलने के बाद सरकार कभी भी अग्नि सुरक्षा की जांच करा सकती है। बिहार अग्नि सुरक्षा अधिनियम, 2014 के तहत पैनलबद्ध तीसरे पक्ष के अग्नि परामर्शदाता या विभागीय अग्निशमन अधिकारी भवन का अग्नि आडिट कर सकेंगे। जांच में सुरक्षा इंतजामों में कमी मिलने पर भवन मालिक को जरूरी सुधार करने का निर्देश दिया जाएगा। इसका पालन नहीं करने पर भवन सील कर दिया जाएगा।