महाराष्ट्र के पुणे के हिंजवड़ी इलाके में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी लिव-इन पार्टनर की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी ने महिला के सिर और गर्दन पर लात-घूसे मारे थे। इसके बाद वह पूरी रात महिला के शव के पास बैठा रहा और सुबह पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे जांच की जा रही है।
मृतक महिला की पहचान कोमल दहाले और आरोपी की पहचान शुभम ज्ञानेश्वर कालबांडे के रूप में हुई है। दोनों सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे और तीन साल से ज्यादा समय से एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थे। दोनों ने शादी करने की योजना बनाई थी और उनके परिवारों को इस रिश्ते की जानकारी थी तथा वे शादी के लिए राजी थे।
कोमल महाराष्ट्र के वर्धा की रहने वाली थीं और विप्रो में काम करती थीं। वहीं, बुलढाणा के रहने वाले शुभम इंफोसिस में काम करता है। रिपोर्ट के मुताबिक, कोमल को शक था कि शुभम का किसी दूसरी महिला के साथ अफेयर चल रहा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे।
हिंजवड़ी पुलिस ने शुभम को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।
