मुंबई के वर्ली स्थित नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इंडिया (एनएससीआई) का फूड लाइसेंस महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने 23 नवंबर से तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। एफडीए की टीम ने क्लब का निरीक्षण किया, जिसमें किचन में गंदगी और लापरवाही के कई मामले सामने आए। जांच के दौरान किचन में मक्खियां उड़ती मिलीं और वॉश बेसिन के पास कॉकरोच घूमते नजर आए।
एफडीए के अनुसार, किचन में सफाई का ध्यान नहीं रखा जा रहा था। नालियों में कॉकरोच रोकने के लिए जाल तक नहीं लगाए गए थे। स्टोर रूम और परिसर के कोनों में खाने का कचरा जमा था। खाना बनाने की जगह के पास खुले डस्टबिन रखे थे, जिससे खाने में गंदगी और कीटाणु पहुंचने का खतरा था। कच्चा सामान सही तापमान पर नहीं रखा जा रहा था, कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था ठीक नहीं थी और स्टोर रूम के डिब्बों पर लेबल भी नहीं लगे थे। दीवारों और छत से कण झड़ रहे थे, फर्श गंदा था और एग्जॉस्ट फैन पर धूल जमी थी।
एफडीए को सफाई से जुड़े रिकॉर्ड, उपकरणों की सफाई का ब्योरा और कच्चे सामान की खरीद के बिल नहीं दिखाए गए। खाना परोसने वाले कर्मचारियों का टीकाकरण नहीं हुआ था और कुछ कर्मचारी बिना ग्लव्स काम कर रहे थे। ग्राहकों की शिकायतों के समाधान की भी पुख्ता व्यवस्था नहीं मिली।
इसके अलावा, एफडीए ने फोर्ट इलाके में मुंबई यूनिवर्सिटी की एक कैंटीन का निरीक्षण किया, जहां फ्रिज में खाने-पीने की चीजें बेतरतीब रखी मिलीं और खाने के पास कचरे से भरे खुले डस्टबिन रखे थे। कर्मचारियों के पास जरूरी यूनिफॉर्म नहीं थे और शाकाहारी व मांसाहारी खाने को अलग रखने की व्यवस्था भी नहीं थी। इन खामियों पर कैंटीन पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। एफडीए के मुताबिक, ब्रिटिश ब्रूइंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के रेस्तरां और बार का फूड लाइसेंस 21 नवंबर को सस्पेंड किया गया था। मुंबई में होटल, रेस्तरां, बेकरी और खाद्य निर्माण इकाइयों समेत छह प्रतिष्ठानों के लाइसेंस या पंजीकरण प्रमाणपत्र गंभीर लापरवाही के चलते रद्द किए गए, जबकि पुणे डिवीजन में साफ-सफाई के नियमों का उल्लंघन करने वाले 21 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड किए गए।
