पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में रविवार को पुलिस एनकाउंटर में रतन शेख की मौत हो गई। उस पर 30 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। आरोप है कि शुक्रवार शाम उसने एक पुलिस कॉन्स्टेबल को गोली मार दी थी, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया था। शांतिनिकेतन के बोलपुर इलाके में हुई मुठभेड़ में उसे गोली लगी। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार शाम हुई गोलीबारी में कॉन्स्टेबल बिस्वजीत दास गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आरोप है कि रतन शेख ने उन पर गोली चलाई और फिर भाग गया। रविवार को पुलिस ने उसे एनकाउंटर में मार गिराया। रतन शेख को हाल ही में कई मामलों में जमानत मिली थी।
राज्य में मई में भाजपा की सरकार बनने के बाद पुलिस मुठभेड़ में किसी आरोपी की मौत का यह पांचवां मामला है। वहीं, क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान पुलिस की रिवॉल्वर छीनकर फायरिंग करने वाले आरोपी की मौत की छह महीने में यह चौथा मामला बताया गया है।
राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (SCRB) के हवाले से RTI के जवाब में सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद 1 मई से 24 सितंबर के बीच रेप के 2,454 मामले दर्ज हुए, यानी औसतन हर दिन करीब 17 मामले सामने आए। इस दौरान हत्या के 600, हत्या की कोशिश के 13,114 और गंभीर चोट पहुंचाने के 32,341 मामले भी दर्ज किए गए। यह RTI आवेदन TMC नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद साकेत गोखले ने दाखिल किया था।
ये खबर भी पढ़ें: बंगाल में भतीजी से रेप-मर्डर का आरोपी एनकाउंटर में ढेर, 4 दिन से फरार था। पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में 12 साल की भतीजी से रेप-मर्डर के आरोपी दिलीप रॉय की सोमवार सुबह पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, रायगंज के परापुकुर गांव में उसे पकड़ने के लिए छापेमारी की गई थी।
