नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और सरखेज पुलिस ने रविवार को अहमदाबाद के सरखेज इलाके में एमडी ड्रग्स बनाने वाली एक फैक्ट्री पर छापेमारी की। यह फैक्ट्री एक बिल्डिंग के तहखाने में बनाई गई थी। पुलिस ने मौके से करोड़ों रुपए मूल्य का ड्रग्स बनाने का कच्चा माल जब्त किया है। मामले में मुख्य आरोपी एमएम पठान और उसकी पत्नी को हिरासत में लिया गया है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी मुदस्सर पठान ने राजस्थान से ड्रग्स बनाने की ट्रेनिंग ली थी और नशीले पदार्थ बनाने का कच्चा माल मध्य प्रदेश के रतलाम से मंगाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार दंपति पिछले एक महीने से तहखाने में ड्रग्स तैयार कर रहा था। पहली डिलीवरी से पहले ही फैक्ट्री पकड़ी गई।

अहमदाबाद जोन-7 के डीसीपी शिवम वर्मा ने बताया कि खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर एनसीबी और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया और सरखेज इलाके की बिल्डिंग में छापेमारी की। तहखाने से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स बनाने का कच्चा माल और 20 तरह के केमिकल भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस जांच के मुताबिक आरोपी मुदस्सर पठान खुद ड्रग्स का आदी है और इसी के चलते तीन साल पहले वह ड्रग्स बेचने लगा था। जांच में यह भी पता चला है कि वह पिछले एक साल से नशा बनाने का काम कर रहा था। आरोपी के खिलाफ सरखेज पुलिस स्टेशन में पहले से ही मारपीट के कई मामले दर्ज हैं।