कोलकाता में बस किराये को लेकर हुए विवाद के बाद एक कंडक्टर पर कथित तौर पर चापड़ से हमला किया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे ईस्टर्न मेट्रोपोलिटन बाइपास पर वीआईपी बस स्टॉप के पास तीन महिलाओं से किराये को लेकर विवाद हुआ था। ये महिलाएं पश्चिम बंगाल के बाहर की रहने वाली बताई जा रही हैं। घटना के समय कंडक्टर दीपक मंडल की ड्यूटी राजा बाजार डिपो की टी-10 बस में थी, जो मालंचा की ओर जा रही थी।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, शिकायत में बताया गया है कि बस कुछ दूर चलने के बाद मंडल ने महिलाओं से किराया मांगा। आरोप है कि महिलाओं ने किराया देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद कंडक्टर ने उनसे पहचान पत्र दिखाने को कहा, ताकि यह पता चल सके कि वे राज्य सरकार की महिला-अनुकूल मुफ्त बस यात्रा योजना के तहत सफर करने की पात्र हैं या नहीं। इसी बात पर बहस शुरू हो गई। आरोप है कि जब मंडल ने टिकट खरीदने पर जोर दिया, तो एक महिला ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। इसके बाद तीनों महिलाएं घटकपुकुर के पास बस से उतर गईं।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि रात करीब आठ बजे बस अपनी यात्रा पूरी करके वापस लौट रही थी, तभी करीब पांच युवकों के एक समूह ने उसी वीआईपी बस स्टॉप के पास बस को रोक लिया। युवकों ने पहले बस चालक को अपशब्द कहे, फिर उनमें से एक युवक बस में चढ़ गया और उसने चापड़ से मंडल पर कई बार हमला किया। हमले में कंडक्टर के पेट और हाथों पर कई चोटें आईं। वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। दूसरे यात्रियों ने हमलावरों को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल कंडक्टर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस घटना के संबंध में प्रगति मैदान थाने में हत्या की कोशिश की शिकायत दर्ज कराई गई है। आरोपियों की पहचान करने और उनका पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। इधर, परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने घायल कंडक्टर से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। मंडल को वेतन के साथ छुट्टी भी दी गई है और पूरी तरह ठीक होने के बाद ही काम पर लौटने की सलाह दी गई है। मंडल जयनगर के रहने वाले हैं। राज्य सरकार ने हाल ही में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा शुरू की है, जिसका लाभ उन महिलाओं को मिलता है, जो वैध पहचान पत्रों के जरिए पश्चिम बंगाल का निवासी होना साबित कर सकती हैं। दूसरे राज्यों की महिलाओं को मौजूदा नियमों के तहत बस का टिकट खरीदना जरूरी है।