बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ फिलहाल तीन किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। आंध्र प्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार यह तूफान दक्षिण-मध्य और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित है। पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए मंगलवार को ही इके ‘गंभीर चक्रवाती तूफान’ में बदलने की संभावना है, और गुरुवार तक यह और मजबूत होकर ‘बेहद गंभीर तूफान’ का रूप ले सकता है। शुक्रवार दोपहर तक इसके नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच तट को पार करने की आशंका है।

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को जिलाधिकारियों और अन्य अधिकारियों के साथ टेलीकांफ्रेंस कर स्थिति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात के असर से तटीय जिलों में 19 और 20 नवंबर को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होगी। नायडू ने कहा कि तटीय आंध्र प्रदेश में कम समय में यह तीसरा चक्रवात है, और अधिकारियों को नुकसान कम करने तथा लोगों को परेशानी से बचाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने तटीय जिलों के लोगों को चक्रवात को लेकर लगातार सतर्कता संदेश भेजने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि गिरे पेड़ों और बिजली के खंभों को हटाने के लिए मशीनरी तैयार रखी जाए और युद्धस्तर पर बहाली का काम शुरू किया जाए। साथ ही सिंचाई टैंकों और नहरों के तटबंध टूटने से रोकने के इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।

ओडिशा सरकार संवेदनशील इलाकों, खासकर भूस्खलन की आशंका वाले पहाड़ी क्षेत्रों से दो लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी कर रही है। आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई समीक्षा बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। पुजारी ने बताया कि पिछले महीने आए चक्रवात में हुई 11 मौतों में से 10 भूस्खलन के कारण हुई थीं। गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कंधमाल, मलकानगिरी और कोरापुट समेत छह जिलों को भूस्खलन की दृष्टि से अत्यधिक संवेदनशील क्षेत्रों में रखा गया है।