भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस कथित बयान की तीखी आलोचना की, जिसमें उन्होंने भारतीय लोकतंत्र को बीमार बताया था। भाजपा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश की धरती से भारत विरोधी प्रचार कर रहे हैं और देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी का एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उन्हें परिवार से प्यार है, लेकिन लोकतंत्र से नफरत है।
दरअसल, राहुल गांधी बुधवार को शिकागो विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने कहा था, 'भारतीय लोकतंत्र बीमार है। मेरे लिए यह कहना भी मुश्किल है कि भारतीय लोकतंत्र में कोई समस्या है। इसके लिए मेरे पास 100, 200 या 300 प्रतिशत सबूत होने चाहिए। लेकिन विपक्ष के कार्यकर्ताओं के साथ क्या हो रहा है...?' इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी हर बार साबित करते हैं कि वह भारतीय राज्य, देश की जनता और भारत के लोकतांत्रिक ढांचे के खिलाफ हैं। उन्होंने राहुल गांधी को भारत विरोधी प्रोपेगेंडा का नेता भी बताया।
भाजपा प्रवक्ता सीआर केसवन ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पर विदेशी धरती से भारत की चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता को बदनाम करने का आरोप लगाया। केसवन ने कहा कि राहुल गांधी के बयान संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अनादर और देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति उनकी अवमानना को दिखाते हैं। एक्स पर पोस्ट करते हुए केसवन ने कहा कि राहुल गांधी ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर लगाए गए अपने आरोपों के समर्थन में कोई हलफनामा दाखिल नहीं किया है। उन्होंने कहा कि 2014 के चुनावों को लेकर राहुल गांधी के बयान तर्कहीन और भ्रमित करने वाले हैं, क्योंकि उस समय कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) की सरकार सत्ता में थी।
केसवन ने राहुल गांधी पर 'सुविधा के अनुसार बातें भूलने' का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल तभी उठाते हैं, जब कांग्रेस चुनाव हारती है, जबकि जिन राज्यों में कांग्रेस जीतती है, वहां वह इस मुद्दे पर चुप रहते हैं। केसवन ने कहा कि राहुल गांधी चुनाव दर चुनाव जनता की ओर से खारिज किए जा रहे हैं और इसकी वजह चुनावी पिच से छेड़छाड़ नहीं, बल्कि उनका नेतृत्व करने में अयोग्य, अक्षम और कमजोर होना है। उन्होंने कहा कि जनता को राहुल गांधी पर भरोसा नहीं है। भाजपा प्रवक्ता ने विदेशी धरती से चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाने वाले राहुल गांधी के बयान को बेहद निंदनीय बताया और कहा कि इससे उनकी 'आपातकालीन मानसिकता' भी उजागर होती है।