अमेरिका के दौरे पर कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर राहुल गांधी के बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष विदेशी धरती पर भारत को बदनाम करने के लिए अनर्गल और बेबुनियाद बयान देते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब भी विदेश जाते हैं, झूठे बयान देकर भारत की प्रगति और मजबूत अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं। भाटिया ने यह भी आरोप लगाया कि संसद सत्र से पहले राहुल गांधी का विदेश जाना इस ओर इशारा करता है कि वे मार्गदर्शन प्राप्त करते हैं।
भाजपा नेता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर राहुल गांधी को भारत विरोधी प्रचार का नेता बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश जाकर देश की छवि खराब करते हैं और भारत की प्रगति तथा लोकतंत्र पर नकारात्मक बातें करते हैं। भंडारी ने दावा किया कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और वैश्विक स्तर पर भारतीय लोकतंत्र का सम्मान किया जाता है।
अपने पोस्ट में भंडारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राहुल गांधी के व्यवहार की तुलना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विदेश दौरों पर हमेशा भारत के राष्ट्रीय हितों और तिरंगे के सम्मान को प्राथमिकता देते हैं। भंडारी ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि क्वाड जैसे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान जमीन पर गिरा भारतीय झंडे का निशान देखकर प्रधानमंत्री मोदी ने उसे उठाकर अपनी जेब में रख लिया था। भंडारी ने यह भी दावा किया कि राहुल गांधी और कांग्रेस को 2029 के आम चुनाव में भी विपक्ष में बैठना पड़ेगा।
राहुल गांधी इन दिनों दो दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों के साथ बातचीत की। यहां उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। राहुल गांधी ने कहा कि भारत एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, देश में बेरोजगारी की समस्या गंभीर है और शिक्षा व्यवस्था के सामने भी बड़ी चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा कि मध्यवर्गीय परिवारों से आने वाले कई युवा मौजूदा हालात से निराश हैं, क्योंकि उन्हें अपने भविष्य को लेकर संभावनाएं नजर नहीं आ रही हैं।
