टोक्यो में रायसीना टोक्यो डायलॉग्स के तीसरे संस्करण में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भारत से जुड़ने को इच्छुक जापानी नागरिकों और कंपनियों के लिए पांच सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि इन बातों का ध्यान रखने से दोनों देशों के संबंध और मजबूत होंगे।

जयशंकर ने कहा कि जापानी मित्रों को भारत को लेकर पुरानी धारणाएं छोड़नी चाहिए और 2014 के बाद देश में हुए बदलावों को समझना चाहिए। उनके मुताबिक हाईवे, पोर्ट, एयरपोर्ट, रेलवे और ऊर्जा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे का विकास हुआ है, जिससे भारत में काम करना आसान हुआ है और देश वैश्विक बाजार के लिए उत्पादन का बड़ा केंद्र बन गया है। इसका लाभ भारत में मौजूद जापानी कंपनियों को भी मिल रहा है।

विदेश मंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने सॉफ्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और मानव संसाधन विकास पर काम किया है। शैक्षणिक संस्थानों की संख्या लगभग दोगुनी हुई है, स्किलिंग पर जोर दिया जा रहा है और देश में नवाचार व स्टार्टअप की मजबूत संस्कृति विकसित हुई है। उन्होंने दोनों देशों के संबंधों को भविष्य पर केंद्रित बताते हुए एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिजों, आईसीटी, स्वच्छ ऊर्जा और फार्मास्यूटिकल्स में सहयोग की संभावनाएं गिनाईं।

रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और भरोसेमंद साझेदारी पर जोर देते हुए जयशंकर ने कहा कि ऐसी नीतियां और ढांचे बनाने होंगे जिनसे दोनों देश करीब से काम कर सकें। उन्होंने शिक्षा, संस्कृति और भाषा के क्षेत्र में आपसी आदान-प्रदान बढ़ाने पर भी जोर दिया। गौरतलब है कि टोक्यो में चल रहे इस तीसरे संस्करण में दोनों देशों के रक्षा और विदेश मंत्री हिस्सा ले रहे हैं, जहां द्विपक्षीय संबंध मजबूत करने और हिंद प्रशांत क्षेत्र को मुक्त रखने पर बातचीत हो रही है।