दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के डिपार्चर गेट पर एक संदिग्ध व्यक्ति ने जबरन घुसने की कोशिश की। मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। अब तक उसके पास से कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जैसे ही उस व्यक्ति को जबरन अंदर दाखिल होते देखा गया, क्विक रिसपॉन्स टीम ने इसकी सूचना सीआईएसएफ को दी, जिसके बाद उसे फौरन दबोच लिया गया। इस घटना को एयरपोर्ट की सुरक्षा में चूक के रूप में देखा जा रहा है और इसकी जांच की जा रही है।

सीआईएसएफ ने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर इस घटना की जानकारी दी। पोस्ट के मुताबिक, जवानों की सतर्कता और पेशेवर तरीके से घटना को संभालने के परिणामस्वरूप किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति को पैदा होने से पहले ही टाल दिया गया। सीआईएसएफ के मुताबिक, उसके जवान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं और एयरपोर्ट पर होने वाली हर गतिविधि पर नजर बनाए रखते हैं।

हालांकि, एयरपोर्ट पर जबरन दाखिल होने वाले व्यक्ति की पहचान और उसके पीछे की मंशा के बारे में अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, उससे यह जानने की कोशिश की जा रही है कि वह किस मंशा के साथ एयरपोर्ट परिसर में दाखिल हुआ था और क्या करना चाहता था, ताकि पूरी तस्वीर साफ हो सके।