अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत की अर्थव्यवस्था की तारीफ किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। भाजपा नेता आशीष सूद ने कहा कि विपक्ष के नेता जानबूझकर भारत की आर्थिक उन्नति को नजरअंदाज कर रहे हैं। गौरतलब है कि शुक्रवार को ट्रंप ने भारत की कम ब्याज दरों और 7 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ की तारीफ की थी। उन्होंने अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ऊंची ब्याज दरों की भी आलोचना की थी।
ट्रंप की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता आशीष सूद ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत की शानदार 7 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ को मान्यता दी है, जो भारत की बढ़ती वैश्विक साख को दिखाता है। उन्होंने कहा कि जहां पूरी दुनिया भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत को मान रही है, वहीं राहुल गांधी समेत विपक्ष के नेता इस पर आंखें मूंदे हुए हैं। सूद ने यह भी कहा कि विपक्ष के नेता जानबूझकर भारत की आर्थिक उन्नति को नजरअंदाज कर रहे हैं।
बता दें कि ट्रंप ने भारत की कम ब्याज दरों की तारीफ करते हुए कहा था कि अगर आप भारत को देखें, तो वहां ब्याज दरें कम हैं और उनकी जीडीपी वृद्धि 7 प्रतिशत है। उन्होंने अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ऊंची ब्याज दरों की आलोचना करते हुए कहा था कि अगर कर्ज लेने की लागत कम कर दी जाए, तो अमेरिकी अर्थव्यवस्था कहीं अधिक तेजी से विकास करेगी। ट्रंप ने कहा था कि यह दुखद है कि जब अमेरिका इतना अच्छा प्रदर्शन कर रहा हो, तब फेडरल रिजर्व ब्याज दरें बढ़ा देता है।
भारत पिछले काफी समय से दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है। हालांकि, विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए दो अंकों की ग्रोथ की जरूरत होगी। जहां पूरी दुनिया मंदी की तरफ बढ़ती दिख रही है, वहीं भारत नई ऊंचाइयों को छू रहा है। वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं पर नजर रखने वाले संस्थानों के मुताबिक भारतीय अर्थव्यवस्था आने वाले समय में भी इसी स्पीड के साथ विकास करती रहेगी।
