प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कौशल दीक्षा समारोह में जेन-जी यानी युवाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कौशल आधारित शिक्षा और रोजगार को लेकर सरकार की ओर से किए गए कामों का जिक्र किया। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी और प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल भी मौजूद रहे।

वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के संबोधन को राजनीतिक संदेशों से जोड़कर देखा जा रहा है। भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, नियुक्तियों में देरी और पढ़ाई के बाद रोजगार न मिलने के मुद्दों पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस लगातार सरकार पर हमलावर रही हैं। प्रधानमंत्री ने युवाओं को कौशल आधारित शिक्षा और सरकारी उपलब्धियों से जोड़ते हुए इन मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा।

प्रधानमंत्री ने काशी की एक युवती के रात 11 बजे सुरक्षित घर पहुंचने के अनुभव का जिक्र किया और युवाओं के लिए पहले कम अवसर होने की बात कही। उन्होंने ब्रह्मोस मिसाइल के निर्माण, एक्सप्रेसवे, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों, पर्यटन, मोबाइल और सेमीकंडक्टर चिप निर्माण जैसी उपलब्धियां गिनाते हुए युवाओं को पूर्व की सरकारों के कार्यकाल की स्थिति और योगी आदित्यनाथ सरकार में बेहतर कानून-व्यवस्था के साथ हुए बदलाव की तस्वीर समझाने की कोशिश की। उन्होंने केवल डिग्री हासिल करने को सफलता का पैमाना मानने वाली परंपरागत सोच से बाहर निकलने की भी प्रेरित किया।

समारोह का मंच गैर-राजनीतिक था, लेकिन प्रधानमंत्री के संबोधन में युवा आकांक्षाओं, रोजगार, शिक्षा और भविष्य की अर्थव्यवस्था के साथ राजनीतिक संदेशों की झलक देखी गई। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में भाजपा इसी विमर्श के साथ विपक्ष पर हमलावर होगी।