मणिपुर में कथित तौर पर मेथनॉल मिली स्थानीय शराब पीने से कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक हजार से अधिक लोग अस्पतालों में भर्ती कराए गए हैं। कई मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है और कुछ आईसीयू में भर्ती हैं। कांग्रेस ने इस घटना के लिए राज्य सरकार के आबकारी विभाग को जिम्मेदार ठहराया है और स्वतंत्र जांच तथा मुआवजे की मांग की है।
कांग्रेस विधायक दल के नेता कीशम मेघचंद्र सिंह के मुताबिक, यैरिपोक, चाकपीकारोंग, सुगनू, काकचिंग और चंदेल जिले के लोग अस्पतालों में भर्ती हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि चाकपीकारोंग के स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही करीब आठ लोगों की मौत हुई। उनका आरोप है कि शुरुआत में शराब पीने के बाद होने वाले लक्षणों की पहचान नहीं हो सकी और स्वास्थ्य केंद्रों ने समय रहते लोगों को चेतावनी नहीं दी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कई गांवों में अवैध शराब बनाई और बेची जा रही थी, तो प्रशासन को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई।
सिंह ने मांग की कि शराब के नमूनों की खाद्य सुरक्षा जांच कराई जाए और मौतों के मामले में आपराधिक जांच शुरू हो। उनका आरोप है कि आबकारी, गृह और स्वास्थ्य विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम रहे। उन्होंने राज्य में पहले से जारी हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि शराब से हुई मौतें प्रशासनिक विफलता का एक और उदाहरण हैं। पार्टी ने सरकार से पूरे मामले पर स्पष्ट बयान जारी करने की भी मांग की है।
घटना के बाद मणिपुर सरकार ने स्वास्थ्य विभाग और आबकारी विभाग की ओर से संयुक्त सार्वजनिक स्वास्थ्य चेतावनी जारी की है। इसमें कहा गया है कि पिछले 48 से 72 घंटों के दौरान संदिग्ध शराब पीने वाले लोग तुरंत नजदीकी जिला अस्पताल, इम्फाल के आरआईएमएस या जेएनआईएमएस पहुंचें। धुंधला दिखाई देना, उल्टी, सांस लेने में परेशानी, चक्कर आना और पेट में दर्द जैसे लक्षणों को गंभीरता से लेने की सलाह दी गई है। सरकार ने खुद से दवा लेने और घरेलू इलाज से सख्ती से मना किया है और लोगों से संदिग्ध शराब की बोतलें व पाउच फेंकने के बजाय सुरक्षित रखने को कहा है, ताकि पुलिस और आबकारी विभाग जहरीली शराब की खेप और उसमें मिले रसायन का पता लगा सकें। राज्य के सभी अस्पतालों और निगरानी इकाइयों को अलर्ट पर रखा गया है।