प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शनिवार को नीतीश सेतु के लोकार्पण के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो नीतीश सेतु, राघोपुर का बताया जा रहा है। वीडियो में कुछ युवा हाथ में राजद का झंडा लिए नजर आ रहे हैं, जो तेजस्वी यादव और लालू यादव जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं। आरोप है कि ये युवा पुल पर लगे एनडीए नेताओं के पोस्टर-बैनर फाड़ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री के लोकार्पण कार्यक्रम के बाद कुछ युवा पुल पर पहुंचे थे। युवाओं के जुटने और हंगामे की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची और उन्हें वहां से हटाया। इस दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का मोबाइल में वीडियो बना लिया, जो बाद में इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा।
वायरल वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे युवाओं का विरोध प्रदर्शन बता रहे हैं, तो कुछ इसे राजनीतिक स्टंट करार दे रहे हैं। लोग यह सवाल भी उठा रहे हैं कि लोकार्पण के बाद ऐसा विरोध कहां तक जायज है। स्थानीय लोगों के अनुसार विरोध का तरीका अलग-अलग होता है। वीडियो प्रसारित होने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।
