कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने शनिवार को आगरा के रोहता नहर चौराहा के पास आयोजित कार्यक्रम में भाजपा पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में मंदिर निर्माण के बाद भी भाजपा वहां चुनाव हार गई और अब मथुरा में भी इसी तरह की राजनीति की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अयोध्या और काशी जैसी गलती मथुरा में न दोहराई जाए। उन्होंने भाजपा पर वोट के साथ चंदा चोरी का भी आरोप लगाया और कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने तथा आगामी चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।

आगरा की औद्योगिक पहचान का जिक्र करते हुए आराधना मिश्रा ने कहा कि ताजमहल, पेठा और चमड़ा उद्योग इस शहर की पहचान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों से एमएसएमई क्षेत्र कमजोर हुआ है और आगरा का युवा रोजगार की तलाश में दूसरे शहरों में जाने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर आगरा के जूता और चमड़ा उद्योग को फिर से खड़ा किया जाएगा तथा फिरोजाबाद के कांच उद्योग को भी नई जिंदगी दी जाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने किसानों को एमएसपी का लाभ न मिलने का आरोप लगाया और कहा कि आवारा पशुओं से फसल बचाने के लिए सरकार ने किसानों को डंडा थमाने के अलावा कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी से नौजवान परेशान हैं। राहुल गांधी के समर्थन में उन्होंने कहा कि वह जनता के अधिकार, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई लड़ रहे हैं।

कार्यक्रम में बृज जोन प्रभारी कुणाल चौधरी ने कहा कि भाजपा शासन में किसान और नौजवान परेशान हैं तथा सरकार की नीतियां जनविरोधी हैं। प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भाजपा पर वोट, चंदा, सांसद और विधायक चोर होने का आरोप लगाया। कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी, भाजपा, आजाद समाज पार्टी, बसपा और रालोद के कई नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम के दौरान महानगर अध्यक्ष अमित सिंह और किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुकेश डागुर के बीच माइक को लेकर कहासुनी हो गई, जिसे वरिष्ठ नेताओं ने हस्तक्षेप कर शांत कराया।