मुजफ्फरपुर के बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में वित्तीय वर्ष 2027-28 के लिए 1234.01 करोड़ रुपये के वार्षिक बजट का प्रस्ताव 10 दिसंबर को होने वाली सीनेट बैठक में रखा जाएगा। लोकभवन से अनुमति मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक से पहले दो और पांच दिसंबर को सिंडिकेट की बैठकें आयोजित की जाएंगी।

कुलसचिव प्रो. समीर कुमार के अनुसार, दो दिसंबर की सिंडिकेट बैठक में प्रारंभिक प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा, जबकि पांच दिसंबर की बैठक में बजट सहित अन्य महत्वपूर्ण एजेंडों को अंतिम रूप दिया जाएगा। शैक्षणिक प्रस्तावों को अंतिम रूप देने के लिए एकेडमिक काउंसिल की बैठक भी आयोजित की जाएगी।

बजट प्रस्ताव के मुताबिक, अनुमानित राशि में से लगभग 799 करोड़ रुपये वेतन व पेंशन के भुगतान पर खर्च होने का अनुमान है। शेष राशि शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, आधारभूत सुविधाओं के विकास और अन्य कार्यों को पूरा करने पर खर्च की जाएगी।

सीनेट बैठक में कालेजों और पीजी विभागों की वार्षिक रिपोर्ट भी पेश होनी है, जिसमें शैक्षणिक सत्र की गतिविधियों, उपलब्धियों व खर्च का ब्योरा दिया जाएगा। विश्वविद्यालय के 59 कालेजों में से अभी तक केवल 21 ने ही रिपोर्ट जमा की है, जबकि शेष कालेजों से रिपोर्ट प्राप्त करना प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। कुलपति ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रस्तावों, एजेंडा निर्धारण व संचालन की समीक्षा की और समय पर तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया।