मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा थाना क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना सितंबर में जहरीली शराब से हुई 36 मौतों के बाद सामने आई है। पुलिस के अनुसार, गुरुवार को एक ही गांव के दो लोगों की मौत हुई। तीनों ने बंडा से लाई गई देसी शराब अलग-अलग जगहों पर पी थी, जिसके कुछ समय बाद सिरदर्द, उल्टी और आंखों में जलन की शिकायत हुई। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तीनों ने किस ब्रांड की शराब पी थी।
पुलिस ने बताया कि मृतक कमलेश पहले गांव में अवैध शराब का काम करता था, लेकिन पिछले कुछ समय से वह इस कारोबार से दूर था। पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, जहां से डीएसआर की बोतल का क्वार्टर मिला है। ऐसा ही क्वार्टर चंद्रभान के घर के पास से भी बरामद हुआ है।
कमलेश के पिता नारायण ने ततरवारा में बनी नकली शराब पीने का संदेह जताया है। उनका कहना है कि वहां बनी नकली शराब पूरी तरह से नष्ट या जब्त नहीं हुई है।
एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की वजह स्पष्ट होगी। जिला आबकारी अधिकारी वंदना पांडेय ने बताया कि मृतकों के घर के पास से बरामद शराब के क्वार्टर जांच को भेजे गए हैं।
