बदायूं में रविवार को इस्लामिया इंटर कालेज के मैदान पर सद्भावना क्रिकेट मैच के दौरान रिटायर्ड सीओ मनोज कुमार सिंह को अचानक हार्टअटैक पड़ गया। खेलते-खेलते वे मैदान पर ही गिर पड़े। साथी खिलाड़ियों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें हायर सेंटर बरेली रेफर कर दिया गया। बरेली में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मनोज कुमार सिंह बरेली की महानगर कालोनी में रहते थे और पुलिस विभाग से सीओ के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। चंदौसी में सीओ रहने से पहले उन्होंने बदायूं में शहर कोतवाली के इंस्पेक्टर का पदभार भी संभाला था। पुलिस सेवा के दौरान उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर अपनी सेवाएं दीं। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे खुद को फिट रखने के लिए नियमित रूप से क्रिकेट या वालीबॉल खेलते थे। रविवार को वे इस्लामिया इंटर कालेज के मैदान में क्रिकेट खेलने आए थे।

हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. शरद कुमार गुप्ता ने बताया कि बदलती लाइफस्टाइल का असर सीधे शरीर पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ती ठंड में खतरा सबसे ज्यादा रहता है, इस दौरान लोगों को सर्दी, खांसी और बुखार की दिक्कत अधिक होती है। शुगर और ब्लड प्रेशर के मरीजों को विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। उनकी सलाह है कि किसी तरह का तनाव न लें और उम्र व बीमारियों के हिसाब से ही काम करें। एक्सरसाइज करते समय ज्यादा भार न लें और हृदय, शुगर तथा बीपी की जांच कराते रहें।