बांग्लादेश के विकेटकीपर लिटन दास ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ जोहन्सबर्ग में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में विश्व रिकॉर्ड बना दिया है। वे टेस्ट क्रिकेट के 149 साल के इतिहास में एक पारी में आठ शिकार करने वाले पहले विकेटकीपर बन गए हैं। उन्होंने साउथ अफ्रीका की पहली पारी में छह कैच लिए और दो स्टंप किए।

इससे पहले यह रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के इयान स्मिथ के नाम दर्ज था, जिन्होंने 1991 में श्रीलंका के खिलाफ सात कैच लिए थे। लिटन अब इस सूची में सबसे ऊपर पहुंच गए हैं। इससे पहले वसीम बारी (पाकिस्तान, 1979), बॉब टेलर (इंग्लैंड, 1980), रिडले जैकब्स (वेस्टइंडीज, 2000) और जोशुआ डा सिल्वा (वेस्टइंडीज, 2023) भी एक पारी में सात शिकार कर चुके हैं।

मुकाबले में लिटन ने पहले बल्ले से अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने 179 गेंदों पर 120 रन की पारी खेली और बांग्लादेश को 400 के स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। दूसरे दिन शतक पूरा करने वाले लिटन साउथ अफ्रीका में शतक लगाने वाले तीसरे बांग्लादेशी बल्लेबाज बने। उनके अलावा तौहीद हृदय ने 137 रन बनाए।

जवाब में साउथ अफ्रीका ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 557 रन बनाए और पहली पारी के आधार पर 157 रन की बढ़त हासिल की। अफ्रीकी टीम के लिए मार्कस एकरमैन और रयान रिकल्टन ने शतक लगाया।