कनाडा सरकार ने भारतवंशी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बराड़ को मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में सबसे ऊपर रखा गया है। उसे भारत की जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी माना जाता है। कहा जा रहा है कि बराड़ 2017 से कनाडा में है, हालांकि इस पर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार इस लिस्ट में दो और अपराधी शामिल किए गए हैं, जिनकी पहचान पेडराम राबी और मनप्रीत सिंह के तौर पर हुई है। दोनों भारतीय मूल के हैं और गोलीबारी तथा हत्या की कोशिश जैसे अपराधों में वॉन्टेड हैं। पुलिस को बराड़ की 2023 में विनिपेग में हुई 39 साल के सुखदूल सिंह गिल की हत्या के मामले में भी तलाश है।

बराड़ को मोस्ट वॉन्टेड बताए जाने का ऐलान BOLO प्रोग्राम के तहत किया गया है, जिसके जरिए नागरिकों को मोस्ट वॉन्टेड अपराधियों को लेकर सतर्क किया जाता है। कनाडा में उस पर ढाई लाख कनाडाई डॉलर यानी करीब 1.63 करोड़ रुपये का इनाम है। इससे पहले अमेरिका ने सितंबर में 10 लाख डॉलर का इनाम घोषित किया था, जबकि भारत में पहले ही उस पर 10 लाख रुपये का इनाम रखा जा चुका है।

अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने भी 32 साल के बराड़ को 10 मोस्ट वॉन्टेड की लिस्ट में डाला है। एजेंसी का कहना है कि वह इस लिस्ट में शामिल होने वाला 543वां व्यक्ति है। FBI को उसकी तलाश अपराध की साजिश, जबरन वसूली के जरिए व्यापार में बाधा डालने की साजिश और तस्करी के आरोपों में है। एजेंसी वार्ता के अनुसार FBI ने सितंबर में कहा था कि बराड़ अमेरिका में मौजूद है और उसे अत्यधिक हिंसक, सशस्त्र और खतरनाक माना जाता है। अमेरिकी अभियोजकों ने बराड़ और बिश्नोई पर 18 जून 2023 को ब्रिटिश कोलंबिया के सरी में हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का आदेश देने का भी आरोप लगाया है।