पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मामलों के संघीय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सभ्यता संवाद मंच में भाग लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचे हैं। भारत में पाकिस्तान उच्चायोग के प्रभारी राजनयिक साद वाराइच ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। पाकिस्तान उच्चायोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। उच्चायोग के अनुसार, यह तीन साल बाद और ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तानी मंत्री का भारत दौरा है।

अपनी यात्रा के दौरान मलिक 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले पहले एससीओ सभ्यता संवाद मंच के विभिन्न विषयगत सत्रों में हिस्सा लेंगे। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, मलिक इस मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे और सभ्यताओं के बीच संवाद के महत्व तथा कूटनीति के इस क्षेत्र में पाकिस्तान की भूमिका पर अपना पक्ष रखेंगे।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मंत्री का संबोधन एससीओ में पाकिस्तान की रचनात्मक भूमिका और देश की विविध सभ्यतागत एवं सांस्कृतिक विरासत को भी रेखांकित करेगा। बयान के मुताबिक, इस मंच में पाकिस्तान की भागीदारी एक सक्रिय सदस्य देश के रूप में संवाद, सहयोग और समझ को बढ़ावा देने में उसके योगदान को दर्शाती है, जो शंघाई भावना के अनुरूप है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने यह भी बताया कि देश फिलहाल 2026-27 के कार्यकाल के लिए एससीओ के राष्ट्राध्यक्षों की परिषद की अध्यक्षता कर रहा है और इसके तहत इस्लामाबाद अगले शिखर सम्मेलन से पहले मंत्रिस्तरीय बैठकें, विशेषज्ञ समूहों की चर्चाएं और अन्य गतिविधियां आयोजित करेगा।

पाकिस्तान की इस भागीदारी के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया है कि भारत ने एससीओ के सभी 10 सदस्य देशों के साथ-साथ पर्यवेक्षक देशों और संवाद साझेदारों को आमंत्रित किया था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पहले ही पुष्टि की थी कि एससीओ के सदस्य देशों समेत कई देशों को इस कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है और नई दिल्ली इस संवाद की मेजबानी के लिए उत्सुक है। भारत की ओर से प्रस्तावित इस पहल का उद्देश्य यूरेशियाई क्षेत्र में सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आपसी समझ और लोगों के बीच संपर्क को मजबूत करना है।