पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने रांची में परिवहन एवं नागरिक विमानन विभाग के निदेशक (ऑपरेशंस) से मुलाकात कर चियांकी एयरपोर्ट के विकास और यहां से नियमित हवाई सेवा शुरू करने पर विस्तृत चर्चा की। सांसद ने बताया कि आरसीएस-उड़ान योजना के चरण 4.2 के तहत चियांकी एयरपोर्ट को चिह्नित किया गया था, लेकिन राज्य सरकार द्वारा जमीन उपलब्ध नहीं कराने से मामला लटका रहा। अब केंद्र सरकार ने उड़ान योजना के अगले चरण में चैलेंज मोड फ्रेमवर्क की व्यवस्था की है, जिसके तहत जमीन अधिग्रहण और एयरपोर्ट विस्तार का पूरा खर्च भारत सरकार वहन करेगी। इससे चियांकी से उड़ान शुरू होने की संभावना प्रबल हो गई है।

इस दौरान सांसद ने एयरपोर्ट की बदहाली पर भी चिंता जताई। बताया गया कि निरीक्षण में मुख्य गेट पर चियांकी एयरपोर्ट का सूचना बोर्ड तक नहीं लगा है। पुरानी चहारदीवारी के दक्षिणी हिस्से में 5-6 जगहों पर दीवार तोड़कर परिसर के अंदर भैंसें बांधी जा रही हैं, गोबर डंप किया जा रहा है और सब्जी की खेती हो रही है। नवनिर्मित चहारदीवारी को भी तोड़ा गया था, जिसे बाद में संवेदक ने मरम्मत कराया।

सांसद ने इस संबंध में राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से भी चियांकी एयरपोर्ट को चैलेंज मोड में शामिल कराने के लिए प्रस्ताव भेजने का आग्रह किया है।