ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन ने गुजरात तट के ऊपर तीन सैटेलाइट तैनात कर भारतीय सैन्य और ऊर्जा ठिकानों की जासूसी करने का दावा किया गया है। बेंगलुरु की स्पेस सर्विलांस कंपनी दिगंतरा की रिपोर्ट के आधार पर यह जानकारी सामने आई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, 10 और 11 मई 2025 को चीन के तीन सर्विलांस सैटेलाइट निंग्शिया-14, गाओफेन-11 और याओगान-30 गुजरात तटरेखा के सैन्य और नागरिक ठिकानों पर लगातार नजर बनाए हुए थे। ये उपग्रह इलेक्ट्रॉनिक सिग्नल पकड़ने, हाई-रिजॉल्यूशन तस्वीरें लेने और सैन्य व समुद्री गतिविधियों की खुफिया जानकारी जुटाने में सक्षम हैं। सैटेलाइट्स की निगरानी भुज, नलिया और जामनगर जैसे इलाकों पर थी, जिनमें अग्रिम वायुसेना अड्डे, नौसैनिक प्रतिष्ठान और जामनगर की ऊर्जा सुविधाएं शामिल थीं। भुज और नलिया एयरबेस के अलावा INS सरदार पटेल, INS द्वारका तथा रिलायंस का जामनगर रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स भी इन उपग्रहों के दायरे में बताए गए हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि 7 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर शुरू होने के दिन चीन के याओगान-43 01G सैटेलाइट ने अपनी कक्षा बदली थी, ताकि भारतीय सैन्य ठाकनों के ऊपर से गुजरते समय वह ज्यादा देर तक निगरानी रख सके। बता दें कि पिछले साल अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद मई के शुरुआती हफ्ते में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष हुआ था, जिसे ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया गया था। यह संघर्ष 10 मई तक चला था। इस दौरान चीन ने पाकिस्तान को हथियार भी उपलब्ध कराए थे।

पूर्व वायुसेना अधिकारी और MP-IDSA के उप महानिदेशक अजय लेले के अनुसार, समुद्री संपत्तियों की आवाजाही का अंदाजा लगाने के लिए एक अच्छी सैटेलाइट तस्वीर ही काफी होती है। हालांकि, रिपोर्ट में इस बात का कोई प्रमाण नहीं मिला है कि चीन ने यह खुफिया डेटा सीधे पाकिस्तान के साथ साझा किया या नहीं। फिर भी, दिगंतरा की रिपोर्ट ने आगाह किया है कि ऑपरेशन सिंदूर ने अंतरिक्ष आधारित लगातार निगरानी के प्रति भारत के महत्वपूर्ण सैन्य बुनियादी ढांचे की बढ़ती संवेदनशीलता को उजागर किया है।