देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत की अगुवाई वाली तीन जजों की पीठ ने सोमवार, 23 नवंबर को न्यायिक अधिकारियों में अनुशासन की कमी पर तल्ख टिप्पणी की। पीठ ने कहा कि ये अधिकारी अब कुछ ज्यादा ही मांग करने लगे हैं। CJI ने कहा कि ड्यूटी के दौरान अक्सर ये लोग अपने चैंबर में बैठकर कॉफी पीते रहते हैं, लेकिन 24 घंटे यही सोचते रहते हैं कि उन्हें क्या भत्ते और क्या फायदे मिल रहे हैं। शीर्ष अदालत ने सेवा संबंधी सुविधाओं और सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले लाभों के लिए न्यायिक अधिकारियों के बार-बार अदालत का रुख करने पर भी कड़ी नाराजगी जताई।
CJI सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने जुबिया ए बनाम केरल हाई कोर्ट मामले की सुनवाई के दौरान न्यायपालिका में अनुशासन की जरूरत पर जोर दिया। CJI ने कहा, "अब वे कुछ ज्यादा ही मुंह खोलने लगे हैं। हमें पता है कि वे कितना काम निपटाते हैं और दिनभर क्या करते हैं। आप 10 बजे जाएं, तो कोई भी अपनी जगह पर नहीं मिलता। वे अपने चैंबर में बैठकर कॉफी पी रहे होते हैं। 24 घंटे बस यही सोचते रहते हैं कि उन्हें क्या भत्ते मिल रहे हैं और क्या फायदे मिल रहे हैं।"
CJI ने कहा कि न्यायिक अधिकारी उम्र सीमा, भत्तों और अन्य सुविधाओं को लेकर बार-बार मांगें उठाते रहते हैं और हर मामले में आवेदन दाखिल कर सुविधा मांगते हैं। उन्होंने कहा कि हमें मालूम है आप रोज कितने केस निपटाते हैं। CJI ने अदालतों के कामकाजी समय के दौरान न्यायिक अधिकारियों की उपलब्धता और उनकी कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।
यह मामला केरल में जिला न्यायाधीशों की भर्ती से जुड़ा है, जो वकीलों के लिए आरक्षित सीधी भर्ती कोटे के तहत की जा रही है। संविधान के अनुच्छेद 233(2) के तहत जिला न्यायाधीश के पद पर सीधी नियुक्ति के इच्छुक वकील के पास बार में कम से कम सात साल का अनुभव होना चाहिए और उसे उच्च न्यायालय द्वारा अनुशंसित किया जाना चाहिए। मौजूदा मामले में विवाद इस बात पर है कि क्या पहले वकील के तौर पर काम कर चुके न्यायिक अधिकारी उस अनुभव का इस्तेमाल बार कोटे के तहत नियुक्ति पाने के लिए कर सकते हैं या नहीं।
