सुलतानपुर की एमपी/एमएलए मजिस्ट्रेट अदालत में सोमवार को समाजवादी पार्टी प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनके निजी सचिव गजेंद्र के खिलाफ दाखिल परिवाद पर सुनवाई हुई। अदालत ने सुनवाई के बाद आदेश सुरक्षित कर लिया है और अब यह मामला 30 नवंबर को आदेश के लिए सूचीबद्ध किया गया है। मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा की अदालत में वादी पक्ष के अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ल ने बहस पूरी की।
गोसाईगंज के सुरौली गांव निवासी मोहम्मद अली ने परिवाद दायर कर आरोप लगाया है कि 24 दिसंबर 2004 को सैफई महोत्सव में वह अन्य लोगों के साथ बैनर लगा रहे थे, तभी करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई और वह झुलस गए। उनका आरोप है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने उनके पक्ष में 15 लाख पांच हजार रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जारी किया था, लेकिन उन्हें यह धनराशि नहीं मिली।
वादी के अनुसार इस संबंध में उन्होंने अखिलेश यादव और उनके पीए गजेंद्र सिंह से कई बार मुलाकात की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसी के आधार पर उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री और उनके निजी सचिव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर एमपी/एमएलए मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थनापत्र दिया था। अदालत अब 30 नवंबर को इस मामले में आदेश देगी।
