दिल्ली-NCR में सर्दियों के दौरान बढ़ने वाले प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की। चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहन की बेंच ने कहा कि कोर्ट चाहता है कि दिल्ली में सिर्फ BS6 वाहन चलें। अगर NCR में संभव न हो तो कम से कम दिल्ली में यह व्यवस्था लागू हो। कोर्ट ने इस बार सिर्फ AQI पर चिंता नहीं जताई, बल्कि प्रदूषण रोकने के लिए 5 साल का लॉन्ग-टर्म प्लान भी मांगा है। BS6 यानी भारत स्टेज 6 वाहन 1 अप्रैल 2020 से लागू सख्त उत्सर्जन मानकों का पालन करते हैं। ये मानक यूरो 6 नियमों के करीब हैं और पुराने BS4 वाहनों की तुलना में प्रदूषण फैलाने वाले कण काफी कम करते हैं।

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण फैलाने वाले कमर्शियल वाहनों की एंट्री रोकने की योजना बनाई जानी चाहिए, लेकिन जरूरी सामान की सप्लाई नहीं रुकनी चाहिए। चीफ जस्टिस ने सवाल किया कि कमर्शियल गाड़ियों को दिल्ली में एंट्री न देने का तरीका क्यों नहीं खोजा जाता, क्योंकि लोगों को सब्जियां, फल और रोजमर्रा की दूसरी चीजें चाहिए। उन्होंने स्टेट बॉर्डर पर वेयर हाउस बनाने का सुझाव दिया और पूछा कि क्या वहां से बैटरी से चलने वाले या प्रदूषण न फैलाने वाले वाहनों से सामान शहर के अंदर पहुंचाया जा सकता है। कोर्ट ने कहा कि ऐसी व्यवस्था इस साल या अगले साल संभव न हो, लेकिन इसे 5 साल में क्यों नहीं किया जा सकता।

कोर्ट ने NCR राज्यों से प्रदूषण के मुद्दे पर जवाबदेही तय करने को कहा और सवाल किया कि संबंधित राज्य इस प्रक्रिया में सक्रिय हिस्सा क्यों नहीं ले रहे। बेंच ने हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और अन्य संबंधित राज्यों को NCR में प्रदूषण कम करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देने वाली स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया।

इससे पहले भी सुप्रीम कोर्ट दिल्ली-NCR में बार-बार बढ़ रहे वायु प्रदूषण पर गंभीर चिंता जता चुका है। कोर्ट ने वाहनों से होने वाले उत्सर्जन को खराब होती हवा का बड़ा कारण बताया था और अधिकारियों से पूछा था कि कई नियमों के बावजूद AQI लगातार खतरनाक स्तर पर क्यों बना हुआ है। बेंच ने गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे पड़ोसी इलाकों को दिल्ली से जोड़ने वाली सड़कों पर चलने वाले वाहनों की बड़ी संख्या का भी जिक्र किया था।