सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को पश्चिम बंगाल में एसआईआर से जुड़ी अपीलों की सुनवाई कर रहे ट्रिब्यूनलों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को चुनौती देने वाली याचिकाओं को प्राथमिकता दी जाए, जबकि नाम जोड़े जाने को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई फिलहाल टाल दी जाए।
मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत तथा न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने ट्रिब्यूनलों से कहा कि वे दोनों तरह की अपीलों को अलग-अलग रखें और नाम हटाए जाने से जुड़ी अपीलों को अंतिम निपटारे के लिए प्राथमिकता दें। पीठ ने कहा कि नाम जोड़े जाने से जुड़ी अपीलों में कोई जल्दबाजी नहीं है, इसलिए उन्हें फिलहाल के लिए टाला जा सकता है।
पीठ ने ट्रिब्यूनलों को यह भी निर्देश दिया कि नाम हटाए जाने से जुड़ी अपीलों में कोलकाता नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में आने वाले मतदाताओं के मामलों को प्राथमिकता दी जाए, क्योंकि वहां जल्द ही निकाय चुनाव होने वाले हैं। सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के परामर्श से पश्चिम बंगाल एसआईआर से जुड़ी अपीलों की सुनवाई करने वाले अपीलीय न्यायाधिकरणों की संख्या बढ़ाने का निर्देश भी दिया।
शीर्ष अदालत उन याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी, जिनमें राज्य में एसआईआर से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए गठित ट्रिब्यूनलों के समक्ष अपीलों के निपटारे की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और तेज करने की मांग की गई थी। 25 अगस्त को पीठ ने चुनाव आयोग को लंबित और निपटाए जा चुके मामलों का विवरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था, जिसमें मतदाता सूची से नाम हटाए जाने या उसमें नाम जोड़े जाने को लेकर दायर याचिकाओं की अलग-अलग संख्या भी शामिल थी। अदालत ने आयोग से यह भी बताने को कहा था कि अपीलों का निश्चित समय-सीमा के भीतर निपटारा सुनिश्चित करने के लिए कितने अतिरिक्त ट्रिब्यूनलों की आवश्यकता होगी।
