सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के एक न्यायिक अधिकारी को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा है कि न्यायिक शक्तियों का इस्तेमाल करते समय बाहुबली बनने की कोशिश न की जाए। मामला रोहतास के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (एसपी) को अदालत के आदेश पर एफआईआर दर्ज न करने के लिए दोषी ठहराने और एक रुपये का जुर्माना लगाने से जुड़ा है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ न्यायिक अधिकारी अनिल कुमार की उस याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें उन्होंने पटना हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी थी जिसमें एसपी पर लगाए गए एक रुपये के जुर्माने पर रोक लगाई गई थी।
सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति बागची ने कहा कि जज की कानून को समझने की क्षमता हैरान करने वाली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अदालत के सामने किसी व्यक्ति का थप्पड़ मारना, गाली देना या अदालत के निर्देश के बावजूद वहां से नहीं हटना अलग तरह का अपराध है, लेकिन अदालत के आदेश पर एफआईआर दर्ज न करना अपने आप में अदालत के सामने किया गया अपराध नहीं माना जा सकता। पीठ ने जज के फैसले और कार्रवाई के तरीके पर गंभीर सवाल उठाए।
पीठ ने पूछा कि क्या जज अपने अधिकार क्षेत्र में रहते हुए जिलाधिकारी और एसपी को अदालत में बुला सकते थे और उनके पेश नहीं होने को अदालत के सामने किया गया अपराध मान सकते थे। न्यायमूर्ति बागची ने कहा कि जज ने एसपी को बुलाया, उसी दिन उन्हें दोषी ठहराया और सजा भी सुना दी। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने जज के वकील से कहा कि न्यायिक शक्तियों का इस्तेमाल करते समय उनके मुवक्किल को बाहुबली की तरह व्यवहार करना बंद करना चाहिए।
शीर्ष अदालत ने अनिल कुमार के कानून की समझ और न्यायिक कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठाते हुए उन्हें राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी भेजकर प्रशिक्षण देने की बात कही। पीठ ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 384 और दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 345 का दायरा समझने की जरूरत बताई। अदालत ने कहा कि न्यायिक अधिकारी को यह समझना होगा कि अदालत की अवमानना या अदालत के सामने अपराध होने की स्थिति किन मामलों में बनती है। पटना हाईकोर्ट पहले ही एसपी पर लगाए गए एक रुपये के जुर्माने के आदेश पर रोक लगा चुका है।