भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। प्रसाद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की अर्थव्यवस्था को कमजोर बताते हैं, जबकि कई बड़े और भरोसेमंद अंतरराष्ट्रीय संस्थानों की रिपोर्टें देश की बढ़ती आर्थिक ताकत की गवाही दे रही हैं। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऑस्ट्रेलिया के लोवी इंस्टीट्यूट, गोल्डमैन सैक्स, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) और विश्व बैंक की रिपोर्टों का हवाला दिया।

प्रसाद के मुताबिक, लोवी इंस्टीट्यूट की 'एशिया पावर इंडेक्स 2026' रिपोर्ट में 131 मानकों के आधार पर एशिया के 27 देशों का अध्ययन किया गया, जिसमें भारत को 40.5 अंक मिले और वह एशिया की तीसरी सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरा। उन्होंने बताया कि 'फ्यूचर रिसोर्सेज' श्रेणी में भारत को 56.2 अंक मिले, जबकि कूटनीतिक प्रभाव का स्कोर 70.3 रहा। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एशिया के सबसे प्रभावशाली नेताओं में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद दूसरे स्थान पर हैं। रक्षा नेटवर्क के मामले में भारत 18.6 अंक के साथ दो पायदान ऊपर चढ़कर नौवें स्थान पर पहुंचा।

भाजपा सांसद ने गोल्डमैन सैक्स की 26 नवंबर की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें अनुमान लगाया गया है कि 2027 में भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। उन्होंने अक्टूबर 2026 की IMF और विश्व बैंक की रिपोर्टों का भी हवाला दिया। इन रिपोर्टों के आधार पर प्रसाद ने राहुल गांधी से सवाल किया कि वे किस आधार पर भारत की अर्थव्यवस्था को कमजोर बता रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी न तो खुद ठीक से पढ़ते हैं और न ही उनके आसपास के लोग जरूरी जानकारी जुटाते हैं।

प्रसाद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जब भी विदेश जाते हैं, भारत के खिलाफ बयान देते हैं और देश की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने पूछा कि क्या राहुल गांधी ने भारत को बदनाम करने का ठेका ले रखा है। साथ ही प्रसाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संयम बनाए रखने के लिए तारीफ की और कहा कि राहुल गांधी उनके बारे में बेबुनियाद बातें कहते हैं। उन्होंने विदेशों में राहुल गांधी की ओर से इस्तेमाल की जाने वाली भाषा को भी चिंताजनक बताया।