सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस आदर्श कुमार गोयल ने रविवार को कहा कि रेप जैसे गंभीर अपराधों में कठोर सजा जरूरी है, लेकिन झूठे मामलों से निर्दोष व्यक्ति की जिंदगी बचाने के लिए प्रभावी कानूनी सुरक्षा भी होनी चाहिए। उन्होंने यह बात नई दिल्ली के ओपी जिंदल ऑडिटोरियम में एकम न्याय कॉन्फ्रेंस 2026 के दूसरे संस्करण में कही।
जस्टिस गोयल ने कहा कि आपराधिक मामला दर्ज होने के बाद व्यक्ति की सामाजिक प्रतिष्ठा, परिवार, व्यवसाय और भविष्य प्रभावित हो सकते हैं। पांच या दस साल बाद बरी होने पर भी उसके जीवन को गंभीर नुकसान पहुंच चुका होता है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के राजेश शर्मा बनाम उत्तर प्रदेश राज्य मामले का उल्लेख करते हुए वैवाहिक विवादों में अनावश्यक गिरफ्तारी रोकने और निष्पक्ष जांच पर हुए न्यायिक प्रयासों पर चर्चा की। उन्होंने सुझाव दिया कि उपयुक्त मामलों में तत्काल गिरफ्तारी के बजाय दोनों पक्षों को सुनने और तथ्यों की प्रारंभिक जांच जैसे उपाय अपनाए जाने चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कानूनों के दुरुपयोग पर चर्चा करना महिलाओं के अधिकारों का विरोध नहीं है। वास्तविक पीड़ितों को न्याय मिलना चाहिए, लेकिन निर्दोष लोगों को झूठे आरोपों से बचाना भी न्याय व्यवस्था की जिम्मेदारी है। उन्होंने वैवाहिक मुकदमों और झूठे मामलों की आशंका से विवाह को लेकर पैदा हो रहे भय पर चिंता जताई और पैरेंटल एलियनेशन जैसे विषयों पर ध्यान देने की जरूरत बताई।
दिल्ली हाईकोर्ट की पूर्व जस्टिस पूनम ए. बंबा ने वैवाहिक विवादों में अधिवक्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि वकीलों को जहां संभव हो दंपतियों के बीच संवाद स्थापित करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने मुकदमा दायर करने से पहले परामर्श और विवाह से पहले आपसी संवाद पर जोर दिया। प्रश्नोत्तर सत्र में सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता विकास नागवान ने कहा कि आरोप लगते ही व्यक्ति सुर्खियों में आ जाता है, लेकिन बरी होने की खबर को वैसा महत्व नहीं मिलता।
