कश्मीर में ठंड बढ़ गई है। शोपियां में गुरुवार को न्यूनतम तापमान माइनस 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम और गुलमर्ग में भी पारा शून्य से नीचे रहा। इसके असर से दिल्ली में भी ठंड बढ़ी है, जहां गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक यह इस सीजन का सबसे कम तापमान है।
इस बीच बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ गुरुवार को आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तट से टकरा सकता है। विभाग के अनुसार, इस दौरान 90 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और झोंकों की गति 110 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तूफान का सबसे ज्यादा असर आंध्र प्रदेश और ओडिशा में रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़, बिहार, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और अंडमान-निकोबार में बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश में 20 से 22 नवंबर तक आंधी-बारिश का अलर्ट है, जबकि छत्तीसगढ़ में 20 और 21 नवंबर को बारिश की संभावना है। बिहार के 13 जिलों में 21 नवंबर को हल्की बारिश हो सकती है।
ओडिशा में तूफान को देखते हुए एक लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। कई ट्रेनें रद्द की गई हैं और समुद्र तटों तथा पर्यटन स्थलों पर लोगों के जाने पर रोक लगाई गई है।
