पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक की भारत यात्रा पर विवाद जारी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी ने सवाल उठाया है कि पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाले मंत्री को ही भारत क्यों भेजा। उन्होंने पूछा कि अप्रैल 2025 और नवंबर 2026 के बीच आतंक फैलाने के मामले में क्या बदल गया है। तिवारी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें सरकार की ढुलमुल रवैये पर भरोसा नहीं होता।
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि मलिक का भरपूर स्वागत किया गया और उन्हीं की टेबल पर मोदी के मंत्री गजेन्द्र शेखावत बैठे, जबकि वे कहीं और भी बैठ सकते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मंत्री ने भारत के हाथ काटने और खून बहाने की धमकी दी थी। गौरतलब है कि विदेश मंत्रालय पहले ही कह चुका है कि सिंधु जल संधि पर भारत का रुख स्पष्ट है और इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है।
बता दें कि पिछले साल 7-10 मई के दौरान ऑपरेशन सिंदूर और उसके बाद दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव हुआ था। इसके बाद संभवत: यह पहली बार था जब नई दिल्ली ने किसी पाकिस्तानी मंत्री को भारत में आयोजित कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया।
मलिक ने शुक्रवार को पुराना किला परिसर में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यतागत संवाद मंच से इतर कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत बढ़ाने में संस्कृति की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि आपसी समझ के जरिये ही बातचीत आगे बढ़ सकती है। द्विपक्षीय मुद्दों पर पूछे जाने पर मलिक ने कहा कि यह बहुपक्षीय कार्यक्रम है और यहां कोई द्विपक्षीय मामला नहीं है।
