बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान अकवान और तेज होता जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक यह मंगलवार यानी 17 नवंबर तक गंभीर चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर तक अति गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। 16 नवंबर की रात 11:30 बजे जारी बुलेटिन के अनुसार अकवान का केंद्र चेन्नई से करीब 610 किमी पूर्व, विशाखापत्तनम से 670 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से 790 किमी दक्षिण में स्थित था। तूफान के प्रभाव को देखते हुए ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है और तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार अकवान 20 नवंबर को दोपहर के आसपास नेल्लोर और तुनी के बीच आंध्र प्रदेश और यनम तटों से टकराएगा। लैंडफॉल के समय 120-130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंके 145 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। IMD के आंकड़ों के मुताबिक करीब 13 साल बाद ऐसी स्थिति बनी है, जब 25 दिनों से कम अवधि में बंगाल की खाड़ी में तीन चक्रवाती तूफान विकसित हुए हैं। इससे पहले 2013 में हेलेन, लहर और माडी तूफान बने थे। इस बार बीते तीन हफ्तों में पहले अर्नब और फिर मुरासु ने तबाही मचाई।

ओडिशा सरकार ने आपदा तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य में ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स की 60 टीमों और NDRF की 14 टीमों को तैनात किया गया है। गंजाम, गजपति, कंधमाल, रायगड़ा, कोरापुट, मलकानगिरी और पुरी में अधिकारियों को अलर्ट किया गया है। आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा है कि जान-माल की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिला कलेक्टरों को संवेदनशील स्थानों की पहचान करने, राहत केंद्र खोलने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से लोगों को निकालने के निर्देश दिए गए हैं। गंजाम जिले में 107 गर्भवती महिलाओं को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।

IMD ने 18 से 21 नवंबर के बीच ओडिशा के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। चेन्नई, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। विभाग के मुताबिक 17 नवंबर से चेन्नई, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू में गरज-बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है, जबकि 18 नवंबर को कांचीपुरम, रानीपेट, तिरुवन्नामलाई, विल्लुपुरम, कुड्डालोर, मयिलादुथुराई और पुडुचेरी में भी भारी बारिश का अनुमान है। तमिलनाडु के मछुआरों को 16 से 21 नवंबर के बीच समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली और नदिया जिलों में भी भारी बारिश की आशंका है, जबकि 19 और 20 नवंबर को तेलंगाना और झारखंड में बारिश हो सकती है। 18 से 20 नवंबर के बीच बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में समुद्र की स्थिति बेहद खराब रहने की आशंका है।