पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को अपराधियों और दुष्कर्मियों को सख्त चेतावनी दी है। पश्चिम मेदिनीपुर में पुलिस के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मादक पदार्थों और अराजकता को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि अगर राज्य के किसी भी हिस्से में कोई गुंडा या दुष्कर्मी छिपा हुआ है तो वह जल्द से जल्द बंगाल छोड़ दे, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि अपराधी पुलिस को चुनौती न दें और कानून को अपने हाथ में न लें। उन्होंने कहा कि पुलिस पर गोली चलाने का अंजाम बहुत बुरा होगा और कानून-व्यवस्था के साथ खिलवाड़ का नतीजा अच्छा नहीं होगा। महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों पर कड़ी चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रताड़ित न करें और न ही उनकी हत्या करें।

यह चेतावनी रविवार को बीरभूम जिले में हुई पुलिस मुठभेड़ के एक दिन बाद आई है, जिसमें एक कांस्टेबल पर गोली चलाने का आरोपी रतन शेख मारा गया था। पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को शांतिनिकेतन इलाके में गिरफ्तारी के दौरान कांस्टेबल बिस्वजीत दास को गोली मारकर घायल करने का आरोप शेख पर था। मई में भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य में यह पांचवीं ऐसी घटना है।

इस बीच, रतन शेख की कथित पुलिस मुठभेड़ में मौत को लेकर सोमवार को भी राजनीतिक बयानबाजी जारी रही। विपक्षी दलों ने घटना पर सवाल उठाए, जबकि भाजपा सरकार ने पुलिस की कार्रवाई का बचाव किया। बीरभूम के पुलिस अधीक्षक भुंडेश ने कहा कि पुलिस ने आरोपी पर गोली केवल आत्मरक्षा में चलाई थी और शेख के दो साथियों रमेश लोहार और नूर हुसैन शेख को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।