मुंबई बम ब्लास्ट की जांच करने वाले दिल्ली पुलिस के पूर्व कमिश्नर और रिटायर्ड IPS अधिकारी नीरज कुमार ने दाऊद इब्राहिम को लेकर कई दावे किए हैं। पूर्व सांसद और वरिष्ठ पत्रकार शाहिद सिद्दीकी के शो 'आई विटनेस विद शाहिद' में उन्होंने बताया कि दाऊद सरेंडर करना चाहता था, लेकिन उसने इसके लिए कई शर्तें रखी थीं। नीरज कुमार के मुताबिक, उनकी दाऊद इब्राहिम से कई बार फोन पर बात हुई थी।

नीरज कुमार ने बताया कि जब उन्होंने दाऊद के करीबी माने जाने वाले मनीष लाला के ठिकानों पर छापा मारा, तो उसने सिंगापुर से उन्हें फोन किया और पूछा कि उसके पीछे क्यों पड़े हैं। नीरज कुमार ने कहा कि उन्होंने मनीष लाला से पहले मुंबई आने को कहा। इसके बाद मनीष लाला मुंबई आया और मुंबई पुलिस से जुड़े एक मामले में खुद को सरेंडर कर दिया। आर्थर रोड जेल में मुलाकात के दौरान मनीष लाला ने उनसे कहा कि वह उन्हें अपनी कस्टडी में ले लें, फिर वह बात करेंगे। नीरज कुमार ने दिल्ली में दर्ज एक टाडा केस में उसे अपनी हिरासत में लिया, जिसका मनीष लाला ने कोर्ट में विरोध भी नहीं किया।

नीरज कुमार के अनुसार, कस्टडी में आने के बाद मनीष लाला ने दाऊद के संपर्क में आने से लेकर उसके करीबी बनने तक की पूरी कहानी सुनाई और कहा कि जैसे वह उनकी कस्टडी में आया, वैसे ही दाऊद भी सरेंडर कर सकता है। मनीष लाला ने उनके सीक्रेट टेलीफोन के जरिए दाऊद से बात कराई। नीरज कुमार ने बताया कि पहली बातचीत में दाऊद ने कई सवाल पूछे और कहा कि अगर वह मुंबई बम ब्लास्ट में शामिल होता तो टाइगर मेमन की तरह अपनी फैमिली को वहां से हटा लेता।

नीरज कुमार ने कहा कि जब उन्होंने आरडीएक्स के बारे में पूछा तो दाऊद सहम गया और कहा कि वह सरेंडर कर सकता है, लेकिन उसकी अपनी शर्तें हैं। उसकी लंबी-चौड़ी शर्तें थीं। नीरज कुमार ने बताया कि उन्होंने इस बारे में अपने सीनियर अधिकारियों से बात की और तय हुआ कि शर्तों पर सरेंडर संभव नहीं है, जिसके बाद बातचीत बंद हो गई। उन्होंने यह भी कहा कि दाऊद ने अपने गैंग के बारे में कई बातें बताईं और सफाई देने की कोशिश की, लेकिन सवाल पूछने पर वह कई बार असहज हो गया। नीरज कुमार के मुताबिक, दाऊद झूठ बोल रहा था और मुंबई बम ब्लास्ट की पूरी साजिश उसके दुबई वाले घर में आईएसआई के साथ बैठकर की गई थी।