नई दिल्ली। Lava Smart 4 Pro स्मार्टफोन भारतीय बाजार में 10,999 रुपये की कीमत पर लॉन्च हो गया है। यह कंपनी की Lava Smart 4 सीरीज का तीसरा मॉडल है, जिससे पहले Lava Smart 4 और Lava Smart 4 Plus पेश किए जा चुके हैं। फोन में 4GB रैम और 64GB स्टोरेज दिया गया है और यह लावा के ऑफलाइन रिटेल चैनल के जरिए बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। कंपनी की ओर से इस फोन पर भी फ्री डोरस्टेप सर्विस ऑफर की जाएगी। हैंडसेट Konark Gold और Neelam Blue दो कलर ऑप्शन में लॉन्च किया गया है।
फोन में 6.75-इंच की HD+ (720 x 1,570 पिक्सल) LCD टचस्क्रीन दी गई है, जिसका रिफ्रेश रेट 90Hz तक है। यह ड्रॉप और शॉक रेजिस्टेंस के लिए MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड सर्टिफिकेशन के साथ आता है। Lava Smart 4 Pro में 12nm प्रोसेस पर बना ऑक्टा-कोर Unisoc T610 चिपसेट दिया गया है, जिसमें 6 एफिसिएंसी कोर और 2 परफॉर्मेंस कोर हैं। इसकी पीक क्लॉक स्पीड 1.8GHz तक है। फोन में 4GB रैम के साथ 4GB तक वर्चुअल रैम का सपोर्ट है और माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से स्टोरेज को 512GB तक बढ़ाया जा सकता है।
कैमरे की बात करें तो इसमें एलईडी फ्लैश के साथ 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 5 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा दिया गया है। फोन में 7,000mAh की बैटरी है, जो 18W वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। चार्जिंग के लिए USB Type-C पोर्ट दिया गया है। सिक्योरिटी के लिए इसमें साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर है। फोन डुअल सिम के साथ Android 16 पर लाया गया है।
