भारत की मेजबानी में नई दिल्ली में आज यानी 20 नवंबर से पहले 'एससीओ सभ्यता संवाद' का आयोजन शुरू हो रहा है। यह तीन दिवसीय सम्मेलन 22 नवंबर 2026 तक चलेगा। इस बहुपक्षीय आयोजन का उद्घाटन आज शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट साझा कर इस सम्मेलन की आधिकारिक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के ढांचे के तहत आयोजित एक प्रमुख बहुपक्षीय मंच है, जिसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सभ्यतागत संबंधों को और मजबूत करना है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस संवाद में शामिल होने के लिए पाकिस्तान समेत एससीओ के सभी पूर्णकालिक सदस्य देशों को औपचारिक निमंत्रण भेजा गया है। इसके अतिरिक्त, संगठन के पर्यवेक्षक देशों और संवाद भागीदारों को भी इस आयोजन में शिरकत करने के लिए आमंत्रित किया गया है।

तीन दिवसीय इस सम्मेलन के दौरान विभिन्न सत्रों में साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी संवाद और क्षेत्रीय सहयोग के विविध पहलुओं पर चर्चा होने की उम्मीद है। भारत द्वारा आयोजित किया जा रहा यह पहला एससीओ सभ्यता संवाद संगठन के भीतर 'पीपल-टू-पीपल' यानी जन-संपर्क और सांस्कृतिक कूटनीति को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।