दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां टर्मिनल-3 में एक शख्स ने जबरन घुसने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसने सीआईएसएफ के एक जवान को धक्का दे दिया और भागने की कोशिश करने लगा।

एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ जवानों ने कुछ ही सेकंड में उस शख्स को दबोच लिया। घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हलचल रही। फिलहाल इस मामले में आधिकारिक तौर पर अधिक जानकारी सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट दिल्ली का सबसे अहम और हाई सिक्योरिटी वाला एयरपोर्ट माना जाता है। ऐसे में यहां सुरक्षा में चूक की कोई गुंजाइश नहीं होती। सीआईएसएफ जवानों की सतर्कता से एक बड़ी घटना टल गई।

मामले की जांच की जा रही है। शख्स के टर्मिनल-3 में जबरन घुसने की कोशिश करने की वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।