प्यू रिसर्च सेंटर की एक नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 2070 तक भारत हिंदू बहुसंख्यक देश बना रहेगा, लेकिन जनसंख्या में हिंदुओं का प्रतिशत घटेगा और मुस्लिमों की हिस्सेदारी बढ़ेगी। रिपोर्ट के मुताबिक 2020 में हिंदुओं की आबादी करीब 79.4 प्रतिशत थी, जो 2070 तक घटकर 75.8 फीसदी रह जाने की आशंका है। वहीं मुस्लिम आबादी का प्रतिशत 2020 के 15.2 फीसदी से बढ़कर 2070 में 19.6 फीसदी होने की संभावना जताई गई है। बाकी धर्मों का प्रतिशत घटने की आशंका है, केवल ईसाइयों की आबादी 2.2 फीसदी पर बनी रहने की संभावना है।
रिपोर्ट के अनुसार 2020 में भारत में मुस्लिमों की अनुमानित जनसंख्या करीब 21.3 करोड़ थी, जो 2070 तक बढ़कर करीब 34.4 करोड़ हो जाएगी। इसके साथ भारत दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी का देश होगा। उस समय भारत से आगे केवल पाकिस्तान होगा, जहां 2070 तक 46.1 करोड़ से ज्यादा मुस्लिम आबादी होने का अनुमान है। फिलहाल मुस्लिम आबादी के मामले में भारत तीसरे नंबर पर है, पहले पर इंडोनेशिया और दूसरे पर पाकिस्तान है।
प्यू रिसर्च सेंटर की स्टेफनी क्रेमर ने बताया कि दुनिया में इस समय मुस्लिम युवा आबादी की प्रजनन दर अधिक है, इसलिए आने वाले समय में इनकी जनसंख्या तेजी से बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि भारत में हिंदुओं की प्रजनन दर पहले ही रिप्लेसमेंट लेवल से नीचे आ चुकी है, जिससे जनसंख्या वृद्धि धीमी रहेगी, जबकि मुस्लिमों की प्रजनन दर अगले दो दशक तक रिप्लेसमेंट लेवल से ऊपर बनी रहेगी।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाली धार्मिक आबादी मुस्लिमों की है। फिलहाल दुनिया में सबसे ज्यादा ईसाई हैं, लेकिन आने वाले 9 सालों में यह स्थिति बदल जाएगी और इस्लाम दुनिया का सबसे ज्यादा आबादी वाला धर्म बन जाएगा।
