दिल्ली के दो युवा उद्यमियों हर्षिता केजरीवाल और अक्षय चौधरी ने हेल्दी खाने-पीने के विकल्पों की कमी को बिजनेस का मौका बनाया। नौकरी के दौरान महसूस हुई इस परेशानी से निकला आइडिया आज बेसिल (Basil) नाम के स्टार्टअप में बदल चुका है। साल 2021 में 2-3 लाख रुपये से शुरू हुआ यह कारोबार अब 70 से ज्यादा कियोस्क और ऑटोमेटेड बेवरेज मशीनों के जरिए दिल्ली-एनसीआर, बेंगलुरु और चंडीगढ़ में काम कर रहा है। कंपनी का दावा है कि वह अब तक 20 लाख से ज्यादा ग्राहकों तक पहुंच चुकी है और साल 2026 में अब तक उसका रेवेन्यू 13.65 करोड़ रुपये रहा है।
हर्षिता केजरीवाल ने आईआईटी दिल्ली से पढ़ाई की है। नौकरी के दौरान उन्हें अक्सर यात्रा करनी पड़ती थी, लेकिन ऐसे विकल्प नहीं मिलते थे जिनमें चीनी, प्रिजर्वेटिव, आर्टिफिशियल स्वीटनर और रंगों का इस्तेमाल न हो। अक्षय चौधरी ने वीआईटी से एमटेक किया है। दोनों की सोच मिली और 2021 में बेसिल की शुरुआत हुई। शुरुआत में दोनों ने 2-3 लाख रुपये लगाए। बाद में आइडिया के स्तर पर एक वेंचर कैपिटल निवेशक से प्री-सीड फंडिंग भी मिली। शुरुआती पूंजी रिसर्च, रेसिपी तैयार करने, कच्चा माल, पैकेजिंग और ऑपरेशन पर खर्च की गई। दोनों ने खुद ग्राहकों से बात की, ड्रिंक्स तैयार कीं और फीडबैक के आधार पर प्रोडक्ट में सुधार किया। बाद में थर्ड पार्टी की मदद से कियोस्क और ऑटोमेटेड बेवरेज मशीनें तैयार कराई गईं।
कंपनी अपने प्रोडक्ट्स में रिफाइंड चीनी की जगह शहद और खजूर, मेयोनीज की जगह हंग कर्ड, पाम ऑयल की जगह ऑलिव ऑयल और सिरप की जगह ताजे फल इस्तेमाल करने पर जोर देती है। मैदा की जगह मिलेट का इस्तेमाल किया जाता है। कंपनी के मेन्यू में करीब 80% ड्रिंक्स और 20% फूड है, जिसमें रिफ्रेशर, चाय, ह्यूमस स्नैक्स, प्रोटीन ड्रिंक्स, डिटॉक्स, बूस्टर और स्मूदी बाउल शामिल हैं। एक ऑर्डर की औसत कीमत 250-300 रुपये है। बेसिल के कियोस्क मॉल, अस्पताल, यूनिवर्सिटी, कॉर्पोरेट ऑफिस और टेक पार्क जैसी जगहों पर हैं। शुरुआत में कंपनी ने विज्ञापन के बजाय ग्राहकों से सीधे बातचीत कर उनकी पसंद समझी। अब सोशल मीडिया, इन्फ्लुएंसर, वॉट्सऐप और एसएमएस के जरिए मार्केटिंग की जाती है। सेंट्रल किचन और वेयरहाउस के जरिए सामग्री और प्रक्रियाओं को नियंत्रित किया जाता है।
कंपनी के मुताबिक उसका रेवेन्यू साल 2024 में 3.85 करोड़ रुपये, 2025 में 8.08 करोड़ रुपये और 2026 में अब तक 13.65 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी में 200 से ज्यादा कर्मचारी काम कर रहे हैं। हर्षिता और अक्षय का लक्ष्य अगले 12 महीनों में स्टोर नेटवर्क को 200-300 तक पहुंचाना और नए शहरों में कारोबार शुरू करना है।
