दिल्ली सरकार ने हिंदी, संस्कृत, पंजाबी, मैथिली-भोजपुरी तथा गढ़वाली, कुमाऊंनी व जौनसारी अकादमी की गवर्निंग काउंसिल का पुनर्गठन किया है। कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार पांचों अकादमियों की गवर्निंग काउंसिल में कुल 101 सदस्य शामिल किए गए हैं। एक संपादक (फीचर) को हिंदी अकादमी का सदस्य मनोनीत किया गया है।

अधिसूचना के मुताबिक, हर अकादमी की गवर्निंग काउंसिल में संबंधित अकादमी के अध्यक्ष कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री होंगे, जबकि वित्त विभाग के प्रधान सचिव और कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग के सचिव पदेन सदस्य होंगे। अकादमियों के उपाध्यक्ष और सदस्यों के नाम भी अधिसूचना में जारी किए गए हैं। हिंदी अकादमी के उपाध्यक्ष अनिल अग्रवंशी बनाए गए हैं, जबकि संस्कृत अकादमी के उपाध्यक्ष प्रो. यशवीर सिंह होंगे।

पंजाबी अकादमी के उपाध्यक्ष सरदार इम्प्रीत सिंह बख्शी, मैथिली-भोजपुरी अकादमी के उपाध्यक्ष बिपिन बिहारी तथा गढ़वाली, कुमाऊंनी व जौनसारी अकादमी के उपाध्यक्ष डॉ. धीरज जोशी मनोनीत किए गए हैं। विभाग के अनुसार, सभी अकादमियों की गवर्निंग काउंसिल के सदस्यों का कार्यकाल अधिसूचना जारी होने की तारीख से दो वर्ष का होगा, जबकि पदेन सदस्यों को इस शर्त से अलग रखा गया है। सभी अकादमियों के सचिव सदस्य सचिव की जिम्मेदारी निभाएंगे।