झज्जर के बेरी-कलानौर रोड पर मंगलवार रात एडीएस शराब फैक्ट्री के पास हुए सड़क हादसे में दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल प्रदीप कुमार की मौत हो गई। रोहतक जिले के गांव काहनौर निवासी प्रदीप पुत्र जयभगवान ड्यूटी पूरी करने के बाद बुलेट मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, रात करीब एक बजे प्रदीप सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। उन्हें सामान्य अस्पताल झज्जर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुधवार को झज्जर के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
प्रदीप कुमार वर्ष 2012 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुए थे। वह विवाहित थे और उनके एक बेटा और एक बेटी है। उनकी मौत की खबर से गांव काहनौर में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराई। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही वाहन और चालक की तलाश कर रही है।
