अमेरिका के कोलंबिया यूनिवर्सिटी में मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान नई दिल्ली की रहने वाली छात्रा रिद्धि कपूर ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से कहा कि वह दिल्ली के वायु प्रदूषण की समस्या का समाधान तैयार कर चुकी हैं और इस पर चाय के साथ चर्चा करना चाहती हैं। छात्रा ने सवाल रखते हुए कहा कि देश की राजधानी की हवा जैसे मुद्दों पर काम करने की जरूरत है। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि ठीक है, हम यह कर सकते हैं। छात्रा के इस पेशकश पर पूरा हॉल हंस पड़ा और यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
यह पेशकश कोलंबिया यूनिवर्सिटी के एसआईपीए में भारत के युवा आंदोलनों पर हो रही चर्चा के बीच आई, जिससे माहौल हल्का हो गया। इस संवाद सत्र में छात्र आंदोलनों, बेरोजगारी और चुनावी धांधली जैसे मुद्दों पर भी बात हुई। राहुल गांधी की कुछ टिप्पणियों पर भाजपा ने बाद में आलोचना भी की।
राहुल गांधी का यह कार्यक्रम 17 नवंबर को कोलंबिया यूनिवर्सिटी में वैश्विक छात्र आंदोलनों और लोकतंत्र पर फायरसाइड चैट के रूप में तय था। अमेरिका के दो दिन के इस दौरे में वह 18 नवंबर को यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो भी जाने वाले थे।
