देश के कई राज्यों में ठंड और कोहरे का असर बढ़ने लगा है। शुक्रवार सुबह उत्तर प्रदेश के 28 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। प्रयागराज, गोरखपुर और कुशीनगर समेत कई शहरों में विजिबिलिटी घटकर 10 मीटर तक रह गई, जिससे लोगों को दिन में भी वाहनों की लाइट जलाकर सफर करना पड़ा।
राजस्थान में भी सर्दी बढ़ रही है। शुक्रवार सुबह फतेहपुर में सबसे कम 5.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। सीकर में पारा 6.5 डिग्री और जयपुर में 13.3 डिग्री रहा। हालांकि दिन में गर्मी का असर बना हुआ है और बाड़मेर में अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री दर्ज किया गया।
चक्रवात अकवान के असर से बिहार, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में बारिश हो रही है। बिहार के गयाजी में शुक्रवार सुबह हल्की बारिश हुई, जबकि बेगूसराय और नालंदा में बादल छाए रहे। राज्य में 22 नवंबर तक बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग समेत 7 जिलों में शुक्रवार को भारी बारिश का अलर्ट है।
चक्रवाती अकवान शुक्रवार सुबह ओडिशा के गोपालपुर के पास तट से टकराया था, जिसके असर से राज्य के कई जिलों में भारी बारिश हुई। गंजाम जिले के पात्रापुर में सबसे ज्यादा 209 मिमी बारिश दर्ज की गई। कोलकाता में भी सुबह से लगातार बारिश हुई। ओडिशा में अब तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की खबर नहीं है।
