मुजफ्फरपुर में छठ महापर्व संपन्न होने और देवोत्थान एकादशी के बाद विवाह का सिलसिला शुरू हो गया है। पुरोहितों के अनुसार नवंबर और दिसंबर में कुल 13 शुभ विवाह मुहूर्त हैं। यह दौर 10 दिसंबर तक चलेगा, इसके बाद खरमास शुरू होने से मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा।

पुरोहितों के अनुसार नवंबर में सात और दिसंबर में छह शुभ मुहूर्त हैं। नवंबर में 19, 20, 24, 25, 26, 27 और 30 तारीख को विवाह के शुभ दिन हैं। दिसंबर में एक, दो, तीन, चार, नौ और 10 दिसंबर को लग्न रहेगा। इन्हीं तिथियों को ध्यान में रखते हुए परिवारों ने आयोजन की रूपरेखा बनानी शुरू कर दी है।

नए वर्ष 2027 में विवाह के लिए कुल 110 शुभ मुहूर्त हैं, जिनमें जनवरी से जुलाई तक 95 अवसर मिलेंगे। जनवरी से मार्च तक 39 और अप्रैल से जुलाई के बीच 56 शुभ लग्न हैं। 14 जुलाई को देवशयनी एकादशी के बाद चातुर्मास शुरू होने से मांगलिक कार्यों पर विराम लगेगा। नवंबर में देवउठनी एकादशी के बाद फिर शहनाई बजेगी और 2027 के नवंबर व दिसंबर में कुल 15 मुहूर्त हैं, जिसके बाद दिसंबर में खरमास के चलते विराम लगेगा।

लग्न शुरू होने के साथ ही कपड़ा बाजार, आभूषण दुकानों, बर्तन बाजार और इलेक्ट्रॉनिक प्रतिष्ठानों में खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है। टेंट, कैटरिंग, फूल और बैंड बाजा कारोबारियों को भी अच्छे कारोबार की आस है। शादी के लिए कपड़े, गहने, फर्नीचर और अन्य जरूरी सामान की खरीदारी को लेकर बाजार में चहल-पहल बढ़ने लगी है।