देश में 50 साल और उससे अधिक उम्र के लगभग हर छह में से एक व्यक्ति को दो या दो से अधिक पुरानी बीमारियां हैं। छह राज्यों के 6,719 लोगों के स्वास्थ्य आंकड़ों पर आधारित एक नए अध्ययन में यह तस्वीर सामने आई है। अध्ययन में 17.7 प्रतिशत लोगों में एक से ज्यादा पुरानी बीमारियां पाई गईं, जिनमें हाई ब्लड प्रेशर और गठिया सबसे आम समस्याएं रहीं। शोध के आधार विश्व स्वास्थ्य संगठन के एसएजीई इंडिया वेव-3 सर्वेक्षण के आंकड़े हैं, जो असम, कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में किया गया था। इसमें 50 साल या उससे अधिक उम्र के लोगों को शामिल किया गया।

अध्ययन के अनुसार, 50 साल से अधिक उम्र के लोगों में हाई ब्लड प्रेशर सबसे आम बीमारी रही, जिसकी पहचान 29 प्रतिशत लोगों में हुई। वहीं, 12.9 प्रतिशत लोगों को गठिया की समस्या थी। शोधकर्ताओं ने दो या उससे अधिक पहचानी गई पुरानी बीमारियों के एक साथ मौजूद होने की स्थिति को मल्टीमॉर्बिडिटी माना है। इसका मतलब है कि मरीज को केवल एक बीमारी का इलाज नहीं कराना पड़ता, बल्कि उसे एक साथ कई स्वास्थ्य समस्याओं के लिए जांच, दवाओं और नियमित चिकित्सकीय देखभाल की जरूरत हो सकती है। ऐसी स्थिति में इलाज का तालमेल और दवाओं का सही इस्तेमाल भी महत्वपूर्ण हो जाता है।

राज्यों के बीच भी बड़ा अंतर दिखा। कर्नाटक में 29.9 फीसदी लोगों को एक से अधिक पुरानी बीमारियां थीं, जबकि असम में यह आंकड़ा 27.8 फीसदी और पश्चिम बंगाल में 25.9 फीसदी रहा। राजस्थान में 17.5 फीसदी, उत्तर प्रदेश में 12.6 फीसदी और महाराष्ट्र में 11.5 फीसदी लोगों में मल्टीमॉर्बिडिटी दर्ज की गई।

शोध के आधार पर विशेषज्ञों का कहना है कि ये बीमारियां सिर्फ धूम्रपान, तंबाकू, शराब, शारीरिक गतिविधि और खानपान जैसे जीवनशैली से जुड़े जोखिमों से नहीं जुड़ी हैं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक पहलू भी इसके लिए बड़े जिम्मेदार हैं। उम्र, आर्थिक स्थिति, अनुसूचित जनजाति से जुड़ी सामाजिक स्थिति और राज्य के आधार पर बीमारियों की मौजूदगी में अंतर मिला। विशेषज्ञों के अनुसार, 50 साल से ज्यादा उम्र के बाद लोगों को नियमित रूप से ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल (लिपिड प्रोफाइल) और हृदय की जांच कराना जरूरी है। इसके साथ ही संतुलित आहार, रोजाना कम से कम 20-30 मिनट की शारीरिक गतिविधि और तनाव प्रबंधन से उम्र संबंधी बीमारियों के खतरे को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।