देवघर के मोहनपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल त्रिकुट पहाड़ पर रविवार सुबह करीब पांच बजे एक बड़ा चट्टान टूटकर नीचे गिर गया। घटना के दौरान तेज आवाज से आसपास का इलाका दहल उठा और कुछ देर तक धूल का गुबार छाया रहा। आवाज सुनकर ग्रामीण और दुकानदार सहम गए और स्थिति सामान्य होने पर मौके पर पहुंचे।

जानकारी के अनुसार, पहाड़ की करीब 1500 फीट ऊंची चोटी से लगभग 200 फीट लंबा-चौड़ा पहाड़ी हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा। विशाल चट्टान रास्ते में आने वाले पेड़-पौधों को तोड़ते हुए आश्रम से महज 50 फीट की दूरी पर रुकी। चट्टान की चपेट में आने से वहां स्थित पानी की टंकी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे पानी की आपूर्ति का स्रोत भी बंद हो गया। घटना में सैकड़ों कीमती पेड़ों के साथ हजारों छोटे-बड़े पेड़-पौधों और पहाड़ पर मौजूद जड़ी-बूटियों व प्राकृतिक वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचने का अनुमान है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चट्टान गिरने की आवाज इतनी भयावह थी कि जंगलों में रहने वाले बंदर, पक्षी और अन्य जंगली जानवरों में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई पर्यटक या स्थानीय व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा जानमाल का बड़ा नुकसान हो सकता था।

ग्रामीणों का कहना है कि करीब 15 वर्ष पहले भी त्रिकुट पहाड़ पर इसी तरह चट्टान टूटकर गिरने की घटना हुई थी, जिसमें पेड़-पौधों और प्राकृतिक संपदा को काफी नुकसान पहुंचा था। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि पहाड़ की ऊपरी चोटी पर मिट्टी के कटाव और पेड़-पौधों की कमी से चट्टानों की पकड़ कमजोर हो गई होगी। हालांकि, चट्टान गिरने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। ग्रामीण पिंटू चौधरी ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे पहाड़ की ओर से अचानक भयावह आवाज आई, जिससे लोग सहम गए। माहौल शांत होने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और देखा कि ऊपरी चोटी से विशालकाय चट्टान टूटकर नीचे गिर गई है, जिससे पेड़-पौधों और पानी की टंकी को काफी नुकसान पहुंचा है।